बोकारो में दिल दहला देने वाली वारदात: मायके जाने की जिद पर पति ने कुल्हाड़ी से काट कर पत्नी को उतारा मौत के घाट

झारखंड के बोकारो जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहाँ मायके जाने की मामूली जिद एक महिला की जान की दुश्मन बन गई। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के चाकुलिया पंचायत स्थित रामडी टोला में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला? मृतक महिला की पहचान सोनू देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति विकास रजवार है। रिपोर्ट्स के अनुसार, विकास तमिलनाडु में मजदूरी करता था और करीब 10 दिन पहले ही घर लौटा था। घर आते ही सोनू देवी अपने मायके जाने की जिद पर अड़ गई, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद हो रहा था।

शनिवार रात को हुई खूनी झड़प पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार (25 अप्रैल) की रात को मायके जाने की जिद को लेकर दोनों के बीच फिर से तीखी नोकझोंक हुई। इसके बाद, रविवार (26 अप्रैल) तड़के सुबह जब पत्नी गहरी नींद में सो रही थी, तब गुस्से में आकर पति ने कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गई।

आरोपी ने खुद दी सूचना घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विकास ने खुद अपने पिता शक्तिपद रजवार को हत्या की जानकारी दी, जिसके बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल, पुलिस इस मामले में कानूनी कार्रवाई कर रही है। एक 13 महीने के बच्चे के सिर से माँ का साया उठने और पिता के जेल जाने की इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *