इंडो-नेपाल बॉर्डर पर मोतिहारी पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 लाख की नेपाली मुद्रा के साथ दो गिरफ्तार

मोतिहारी: भारत-नेपाल सीमा पर मोतिहारी पुलिस और एसएसबी (SSB) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। महुआ थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भारी मात्रा में नेपाली मुद्रा के साथ दबोच लिया है।

गुप्त सूचना पर मिली कामयाबी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमावर्ती इलाकों में नेपाली मुद्रा की अवैध तस्करी और मुद्रा के हेर-फेर का काम किया जा रहा है। इसी आधार पर महुआ थाना और एसएसबी ने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान एक हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक (BR05BQ7065) पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 9 लाख नेपाली रुपये बरामद किए गए।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी? पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान पूर्वी चंपारण के महुआ थाना क्षेत्र के परसा निवासी दशई पंडित (42 वर्ष) और वेदयानंद कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दशई पंडित के पास से 5 लाख और वेदयानंद के पास से 4 लाख नेपाली मुद्रा बरामद की गई है।

ठगी का करते थे काम पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुनियोजित तरीके से लोगों को ठगने का काम करते थे। वे भारत से नेपाल जाने वाले यात्रियों को लालच देकर अधिक भारतीय रुपये के बदले कम नेपाली करेंसी देते थे और इस प्रकार अवैध मुनाफा कमाते थे।

फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *