हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में झारखंड हाईकोर्ट की महिला अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने बंगाली कॉलोनी स्थित गुप्ता परिसर के फ्लैट नंबर 304 से उनका शव बरामद किया है। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
घटनास्थल पर कोड लॉक से बंद था फ्लैट का दरवाजा मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त फ्लैट का दरवाजा कोड लॉक से बंद था, जिसे बाद में ड्राइवर की मदद से खुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पिता ने पति पर लगाया हत्या का आरोप मृतका के पिता ने उनके पति कुशाग्र रुद्र पर बेटी को प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है और इसे आत्महत्या की बजाय हत्या होने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि, पति पर लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
तीन साल पहले किया था प्रेम विवाह बताया जा रहा है कि अनुष्का चक्रवर्ती ने करीब तीन साल पहले कुशाग्र रुद्र के साथ प्रेम विवाह किया था और दोनों इसी फ्लैट में रहते थे। घटना के बाद से पति के फ्लैट से गायब होने की बात सामने आ रही है, जो पेशे से व्यवसायी बताए जा रहे हैं। चर्चा है कि वह अपने साथ अपना पालतू कुत्ता भी ले गए हैं। पुलिस उनसे संपर्क साधने की लगातार कोशिश कर रही है, लेकिन फिलहाल उनसे संपर्क नहीं हो पाया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
