गुमला में दबंगई की पराकाष्ठा: नशे में धुत अपराधी ने घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति को बंदूक की बट से पीटा, महिला का हाथ टूटा

गुमला: झारखंड के गुमला जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। बसिया थाना क्षेत्र के कांगड़ा होंजौर गांव में एक नशे में धुत दबंग ने आधी रात को एक बुजुर्ग दंपति के घर में घुसकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि बंदूक की बट से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

आधी रात को मचाया तांडव

पीड़िता रश्मि कुल्लू ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:00 बजे जब वह अपने पति अंजोर कुल्लू के साथ सो रही थीं, तभी गांव का ही अर्जुन राम नशे की हालत में जबरन उनके घर में घुस आया। आरोपी ने बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज शुरू कर दी और अपनी बंदूक की बट से दंपति पर हमला कर दिया।

बर्बरता की हदें पार: गिड़गिड़ाते रहे बुजुर्ग

हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस मारपीट में बुजुर्ग महिला का हाथ टूट गया है, जबकि उनके पति के शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। पीड़िता के अनुसार, वे आरोपी के सामने रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन उसने उन्हें बिस्तर से घसीटकर नीचे पटक दिया और बेरहमी से मारना जारी रखा।

पुराना अपराधी है हमलावर, पुलिस ने दबोचा

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी अर्जुन राम एक आदतन अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी कई संगीन मामलों में जेल की हवा खा चुका है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और आरोपी अर्जुन राम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *