नालंदा (बिहार): जिले के दीपनगर थाना क्षेत्र स्थित डीटीओ ऑफिस के पीछे एक 20 वर्षीय युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सोहसराय थाना क्षेत्र के मंसूरनगर निवासी राजीव कुमार के रूप में हुई है, जो पेशे से कारपेंटर था। इस मौत ने अपने पीछे कई अनसुलझे सवाल छोड़ दिए हैं, जिसमें एक तरफ पुलिस इसे ड्रग्स का मामला बता रही है, वहीं परिजन इसे हत्या करार दे रहे हैं।
परिजनों का आरोप: पीट-पीटकर की गई हत्या
मृतक के भाई राजा कुमार ने पुलिसिया थ्योरी को नकारते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। भाई का कहना है कि राजीव के कान से खून बह रहा था और उसके शरीर पर चोट के गहरे निशान थे। परिजनों के अनुसार, राजीव अपने कुछ दोस्तों के साथ निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। उनका दावा है कि यह हादसा नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है।
मामले में ‘सीक्रेट वाइफ’ की एंट्री
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब सोनी देवी नामक युवती ने खुद को राजीव की पत्नी बताया। युवती का दावा है कि उन्होंने साल 2021 में राजगीर के एक मंदिर में प्रेम विवाह किया था, जिसकी जानकारी परिजनों को नहीं थी। सोनी के अनुसार, घटना की शाम राजीव ने उसे फोन कर घबराहट होने की बात कही थी, जिसके बाद वह उसे ढूंढते हुए खेत तक पहुंची, जहां वह बेसुध पड़ा मिला।
पुलिस की थ्योरी: नशीले इंजेक्शन और ओवरडोज
दीपनगर थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि घटनास्थल से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और प्रतिबंधित दवाओं के रैपर बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि प्रथम दृष्टया यह ‘ड्रग्स ओवरडोज’ का मामला है।
