महुआडांड़ में अवैध गौकशी और तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 27 मवेशी बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

लातेहार (महुआडांड़): लातेहार जिले के महुआडांड़ अनुमंडल मुख्यालय में पुलिस ने अवैध गौकशी और मवेशी तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात एसडीओ और डीएसपी कार्यालय के पीछे चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में पुलिस ने दो अलग-अलग ठिकानों से कुल 27 मवेशियों को मुक्त कराया।

DSP पूजा कुमारी के नेतृत्व में हुई छापेमारी

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) पूजा कुमारी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस योजनाबद्ध कार्रवाई को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और अन्य सामग्रियां भी बरामद की हैं।

13 नामजद आरोपी, एक भेजा गया जेल

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महुआडांड़ थाने में कांड संख्या 39/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 292 व 3(5) और ‘झारखंड पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005’ की धारा 12(1) एवं 12(3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस प्राथमिकी में मारूफ अंसारी, यूसुफ अंसारी, युबेद अंसारी, मंजुल अंसारी, मफूज अंसारी, आबिद अंसारी और मो. कैफ अंसारी उर्फ जावेद सहित उनकी पत्नियों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी मफूज अंसारी को गिरफ्तार कर लातेहार जेल भेज दिया है।

बाकी आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध गौकशी और मवेशी तस्करी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *