मोतिहारी (बिहार): बिहार के मोतिहारी से एकतरफा प्यार में पागलपन की रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक सनकी आशिक ने ‘अगर तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा’ की खौफनाक धमकी को सच कर दिखाया। आरोपी ने अपनी शादी के महज 20 दिन बाद पहली बार मायके आई एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की गमछे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
शादी तय होने पर दी थी जान से मारने की धमकी
घटना बीजधारी थाना क्षेत्र के बथना पांडेय टोला गांव की है। मृतका की पहचान गांव के ही मदन मुखिया की 20 वर्षीय बेटी सपना कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गांव का ही रहने वाला जगदीश कुमार काफी समय से सपना से एकतरफा प्यार करता था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। सपना द्वारा लगातार इनकार किए जाने के बावजूद वह बाज नहीं आया। जब सपना की शादी कहीं और तय हुई, तो आरोपी ने धमकी दी थी कि वह उसे किसी और की नहीं होने देगा, यहाँ तक कि उसने जयमाल के स्टेज पर भी गोली मारने की बात कही थी।
शौच के लिए गई थी खेत, रास्ते में घेरकर ली जान
बीती 28 अप्रैल को सपना की शादी बेहद धूमधाम से संपन्न हुई थी। शादी के बाद वह पहली बार तीन दिन पहले ही अपने मायके आई थी। रविवार सुबह जब वह अपनी भाभी मुन्नी देवी और दो ननदों के साथ खेत की तरफ शौच के लिए गई थी, तभी घात लगाए बैठे आरोपी जगदीश ने उसे घेर लिया।
चश्मदीद भाभी का बयान: मृतका की भाभी ने बताया कि आरोपी ने अचानक सपना पर हमला कर दिया और अपने गमछे से उसका गला घोंटने लगा। साथ मौजूद महिलाओं ने सपना को बचाने की हरसंभव कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन सिरफिरा आशिक तब तक गला दबाता रहा जब तक कि सपना की सांसें थम नहीं गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी की मां हिरासत में, FSL टीम ने की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर बीजधारी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की मां बबीता देवी को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
बीजधारी थानाध्यक्ष सीमा कुमारी ने बताया कि घटनास्थल पर FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं। परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर फरार आरोपी जगदीश की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी जाएगी।
