लातेहार के पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध फायरिंग: 40 फीट दूर से चली गोली शीशा चीरकर दराज में घुसी, बाल-बाल बचा कर्मी

झारखंड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित सिकनी गांव में अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। यहाँ शुक्रवार शाम ‘राज फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर सनसनी फैला दी।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने करीब 40 फीट की दूरी से पेट्रोल पंप के कार्यालय को निशाना बनाकर गोली चलाई। गनीमत यह रही कि गोली सीधे कार्यालय के शीशे को भेदते हुए दराज में जा घुसी, जिससे अंदर मौजूद कर्मी अभय यादव की जान बाल-बाल बच गई। इस अचानक हुई घटना से पेट्रोल पंप परिसर और आसपास के इलाके में भारी अफरा-तफरी व दहशत का माहौल है।

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक मनोरंजन प्रसाद सिंह तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस फिलहाल अपराधियों की पहचान के लिए पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

वहीं, पेट्रोल पंप संचालक लाल रंजन नाथ शाहदेव ने प्रशासन से इस गंभीर मामले की उच्चस्तरीय जांच कर जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है। पुलिस अभी तक गोलीबारी के असली कारणों का पता नहीं लगा पाई है और मामले की हर एंगल से गहराई से छानबीन कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *