जमशेदपुर (झारखंड): जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र के फॉरेस्ट एरिया स्थित बाबन बीघा जंगल में मंगलवार को एक युवक का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। शव की शिनाख्त गौसनगर निवासी मोहम्मद मुस्तकिम के रूप में हुई है, जो इलाके में घूम-घूमकर चप्पल बेचने (फेरी) का काम करता था।
अंगूठी से हुई शव की पहचान जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने छानबीन शुरू की। अपराधियों ने युवक की पहचान छुपाने के लिए शव को बुरी तरह जला दिया था, लेकिन मुस्तकिम की उंगली में पहनी अंगूठी को देखकर परिजनों ने उसकी पहचान की। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
24 मई से लापता था मुस्तकिम परिजनों के मुताबिक, मुस्तकिम 24 मई की शाम को काम पर निकला था। उसी शाम परिवार से उसकी आखिरी बार बातचीत हुई थी, जिसके बाद से उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ आ रहा था। मंगलवार को अचानक उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है।
हत्या कर साक्ष्य मिटाने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी शव की हालत को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि अपराधियों ने पहले किसी अन्य जगह पर मुस्तकिम की हत्या की, और फिर साक्ष्य मिटाने तथा पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जंगल में लाकर आग के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कपाली ओपी पुलिस अब मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Surveillance) के आधार पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है।
