सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सिल्ली-रांगामाटी मुख्य मार्ग पर गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तुता मोड़ के पास सवारियों से भरी एक ‘तूफान’ बस और ईंट से लदे ट्रक के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आमने-सामने की टक्कर से मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तूफान बस टाटा से तिरुलडीह चौड़ा की ओर जा रही थी, जबकि ईंट से लदा ट्रक रामगढ़ से रांगामाटी की तरफ आ रहा था। जैसे ही दोनों वाहन तुता मोड़ के पास पहुंचे, रफ्तार तेज होने के कारण उनकी आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। घटना के तुरंत बाद दोनों गाड़ियों के ड्राइवर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने मसीहा बनकर बचाई जान
हादसे की आवाज सुनते ही स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए बस के अंदर फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकाला और राहत कार्य शुरू किया। इस वजह से सिल्ली-रांगामाटी मार्ग पर कुछ समय के लिए वाहनों का लंबा जाम भी लग गया।
पुलिस ने जेसीबी से हटवाए वाहन, सामान चोरी की भी जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही ईचागढ़ थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद सड़क पर लगे लंबे जाम को खुलवाने के लिए जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को किनारे कर यातायात बहाल कराया गया।
चोरी का भी आरोप: पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी बीच हादसे के बाद बस में रखे कुछ यात्रियों के सामान गायब होने की भी शिकायत मिली है। पुलिस अब दुर्घटना के साथ-साथ सामान चोरी के इस पहलू की भी बारीकी से जांच कर रही है।
