ग्वालियर में सनसनीखेज वारदात: प्रेमी ने ही किया नाबालिग प्रेमिका का सौदा, पहले किया दुष्कर्म फिर 2.5 लाख में बेचा

ग्वालियर/राजगढ़: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में मानव तस्करी (Human Trafficking) और दरिंदगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी प्रेमी ने प्यार के जाल में फंसाकर अपनी ही नाबालिग प्रेमिका को ढाई लाख रुपए में बेच दिया। राजगढ़ और ग्वालियर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पीड़िता को सुरक्षित मुक्त करा लिया है, वहीं मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

29 मई से लापता थी किशोरी

जानकारी के अनुसार, राजगढ़ जिले की रहने वाली 17 वर्षीय एक किशोरी बीते 29 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर राजगढ़ पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को पता चला कि किशोरी को उसका कथित बॉयफ्रेंड बंटी कंजर अपने साथ ग्वालियर ले गया है।

पुलिस की पूछताछ में हुआ खौफनाक खुलासा

राजगढ़ पुलिस ने जब संदेही बंटी कंजर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जो सच उगला उसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। आरोपी ने कुबूल किया कि:

  • वह किशोरी को बहला-फुसलाकर ग्वालियर के बदनाम इलाके बदनापुरा लेकर आया था।
  • वहां उसने किशोरी के साथ पहले दुष्कर्म (रेप) किया।
  • इसके बाद उसने अपनी ही प्रेमिका का ढाई लाख रुपए में सौदा कर उसे बेच दिया।

बंद मकान का ताला तोड़कर कराया मुक्त

आरोपी की निशानदेही पर राजगढ़ और ग्वालियर पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत बदनापुरा इलाके में दबिश दी। वहां पुलिस को एक मकान बाहर से ताला बंद मिला। जब ताला तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई, तो किशोरी वहां बंधक जैसी स्थिति में मिली। पुलिस ने उसे तुरंत सुरक्षित मुक्त कराकर अपने संरक्षण में ले लिया। इस कार्रवाई की भनक लगते ही खरीदार आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

एक महिला भी शक के घेरे में, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, इस घिनौने अपराध और मानव तस्करी के खेल में एक स्थानीय महिला की भूमिका भी सामने आई है, जिसने सौदा कराने में मदद की थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी बंटी कंजर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल फरार महिला और अन्य खरीदारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *