बुढ़मू (रांची): आम जनता की समस्याओं का तेजी से और मौके पर ही निपटारा करने के उद्देश्य से बुधवार को बुढ़मू थाना परिसर में ‘जन शिकायत समाधान कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस शिविर में ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने खुद मौजूद रहकर ग्रामीणों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। उन्होंने कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया और शेष मामलों के जल्द निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
पुलिस के आला अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण शिविर में ग्रामीण एसपी के साथ पुलिस उपाधीक्षक राम नारायण चौधरी, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन शर्मा और ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार भी उपस्थित थे। बुढ़मू और ठाकुरगांव थाना क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने जमीन विवाद, आपसी मतभेद और सुरक्षा से जुड़ी अपनी शिकायतें पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं।
समय-समय पर आयोजित होंगे ऐसे शिविर: ग्रामीण एसपी
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने कहा कि सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जनता की सहूलियत के लिए इस तरह के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में होने वाले शिविरों की जानकारी पहले से ही समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें।
