किसानों के दिल्ली कूच के बीच PM मोदी का बड़ा आश्वासन: बोले- ‘FTA में किसानों और छात्रों के हित सर्वोपरि’

नई दिल्ली: भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों के प्रस्तावित दिल्ली मार्च के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृषि क्षेत्र को लेकर बड़ा भरोसा दिया है। मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और देश द्वारा किए जाने वाले किसी भी मुक्त व्यापार समझौते (FTA) में किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी जाएगी।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक के बाद प्रधानमंत्री का संदेश साझा करते हुए बताया कि हाल के वर्षों में भारत द्वारा किए गए सभी व्यापारिक समझौते देश और कृषि क्षेत्र के दीर्घकालिक हितों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। सरकार किसी भी स्थिति में किसानों के हितों से समझौता नहीं करेगी।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी ने हालिया परीक्षा पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए युवाओं और छात्रों को भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जा रही है और सरकार छात्रों के भविष्य तथा हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।

गौरतलब है कि किसान संगठनों को आशंका है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से घरेलू कृषि बाजार और किसानों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसी विरोध के तहत किसानों ने दिल्ली मार्च का आह्वान किया है, जिस पर केंद्र सरकार ने रुख साफ करते हुए किसानों को आश्वस्त करने का प्रयास किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *