बिहार: पहली बारिश ने खोली रेलवे के दावों की पोल, कजरा स्टेशन के पास जलभराव से डेढ़ घंटे ठप रहा रेल परिचालन

लखीसराय: बिहार के लखीसराय जिले में मानसून की पहली ही तेज बारिश ने रेलवे की तैयारियों की कलाई खोल कर रख दी है। कियूल-जमालपुर रेलखंड पर स्थित कजरा रेलवे स्टेशन के पास पटरियों पर भारी जलभराव हो जाने के कारण अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन लगभग डेढ़ घंटे तक पूरी तरह प्रभावित रहा। एहतियात के तौर पर ट्रेनों की आवाजाही रोके जाने से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।

रेलवे ट्रैक पर पानी भरने की खबर मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर ट्रैक का निरीक्षण कराया गया और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। स्थिति काबू में आने के बाद सबसे पहले एक पैसेंजर ट्रेन को धीमी गति से ट्रायल के रूप में निकाला गया। ट्रायल सफल रहने पर चरणबद्ध तरीके से ट्रेनों का परिचालन बहाल किया गया, हालांकि कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चलीं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार कजरा स्टेशन के समीप हर साल मानसून के दौरान जलभराव की यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में जल निकासी (ड्रैनेज) की पुख्ता व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में बारिश के कारण ट्रेनों के पहिए न थमें।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *