जमशेदपुर:
शहर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत गरमनाला रोड पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बिना किसी सुरक्षा संकेत या पार्किंग लाइट के खड़ी एक बस से तेज रफ्तार टेंपो की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के वक्त सड़क किनारे खड़ी बस का न तो ब्लिंकर ऑन था और न ही कोई रिफ्लेक्टर लगाया गया था, जिसके चलते अंधेरे में टेंपो चालक को बस नज़र नहीं आई।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल, पैर में फ्रैक्चर की आशंका
टक्कर की आवाज़ सुनकर मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल चालक को टेंपो से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, चालक के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और पैर में फ्रैक्चर होने की आशंका है। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी, बस चालक से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही साकची थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बिना किसी वॉर्निंग लाइट या पार्किंग इंडिकेटर के सड़क पर बस को असुरक्षित तरीके से क्यों खड़ा किया गया था।
