रांची/नामकुम: राजधानी रांची के नामकुम प्रखंड में आयोजित भव्य ‘कांग्रेस मिलन समारोह’ के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन किया। खिजरी विधायक सह कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विपक्षी दलों को बड़ा झटका लगा। भाजपा, आजसू और JLKM समेत कई अन्य राजनीतिक दलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आधिकारिक तौर पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों को माला और पार्टी का पटका पहनाकर कांग्रेस परिवार में स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों, विकासपरक सोच और जन-जन से जुड़ी विचारधारा से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। नए सदस्यों के आगमन से क्षेत्र में संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरे: कांग्रेस का दामन थामने वाले प्रमुख नेताओं में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद के प्रतिनिधि मनोज सिंह, भाजपा किसान मोर्चा (दक्षिणी प्रमंडल) प्रभारी बिकू सिंह, भाजपा प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष शारदा सिंह, आजसू की पूर्व प्रमुख रीता रजनी कुजूर, पूर्व प्रमुख पुष्पा तिर्की, अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष सीपी शर्मा, वीर नारी सेना की अध्यक्ष नीरा देवी, हुवांगहातु पंचायत के मुखिया विवेक मुंडा, पार्षद अमीत मुंडा तथा JLKM के दिनेश कुमार प्रजापति और दिलीप महतो समेत कई अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हैं।
