संस्कृत की सूक्तियां पढ़ने से संवरेगा नई पीढ़ी का भविष्य: विधायक सरयू राय

जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने नई पीढ़ी को संस्कृत साहित्य और उसकी सूक्तियों से जोड़ने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी संस्कृत की सूक्तियों को पढ़ेगी, उनके अर्थ को समझेगी और अपने व्यावहारिक जीवन में उतारेगी, तो उनका भविष्य निश्चित रूप से उज्ज्वल और सुदृढ़ होगा।

वे पीपुल्स एकेडमी स्थित कालिदास सभागार में आयोजित एक विशेष पुस्तक लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। ‘पाणिनि प्रज्ञा परिषद, जमशेदपुर’ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में आचार्य बालमुकुंद चौधरी द्वारा रचित पुस्तक ‘सुभाषित संग्रहावली’ का विमोचन किया गया।

समारोह के दौरान विधायक सरयू राय ने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आचार्य बालमुकुंद चौधरी ने लगभग 37 पौराणिक और महत्वपूर्ण ग्रंथों से सूक्तियों का चयन कर इस पुस्तक में संकलित किया है। आम लोगों की सुविधा के लिए पुस्तक में प्रत्येक सूक्ति का हिंदी और अंग्रेजी में अनुवाद भी किया गया है, ताकि हर कोई इसे आसानी से पढ़कर समझ सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *