गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले की महागामा थाना पुलिस को देर रात चलाए गए गश्ती अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भांजपुर गांव के पास से अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस को देख भागने की कर रहे थे कोशिश जानकारी के अनुसार, 31 अगस्त और 1 सितंबर की मध्यरात्रि पुलिस टीम वारंटियों और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:40 बजे भांजपुर स्थित एक पुलिया के समीप दो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को खदेड़कर दबोच लिया।
तलाशी में मिला अवैध हथियार पकड़े गए आरोपियों की पहचान भांजपुर निवासी मिथुन कुमार (19) और दर्शन कुमार (20) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर मिथुन के पास से एक देशी कट्टा व एक कारतूस, जबकि दर्शन के पास से एक अन्य जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार और कारतूस का कोई भी वैध लाइसेंस या कागजात पेश न करने पर पुलिस ने सामान को जब्त करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज महागामा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 159/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक उपेन्द्र कुमार महतो, थाना प्रभारी अभिनव आनंद, एसआई योगेश्वर उरांव, एएसआई बालेश्वर मरांडी व निर्मल कुमार पांडेय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
