छात्रों के मुद्दे पर आर-पार के मूड में BJP: 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म, 8 सितंबर से सभी 24 जिलों में DC-SP दफ्तरों का घेराव

रांची: झारखंड में छात्रों के हक की लड़ाई को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और पिछले 7 वर्षों में हुई सभी बहाली परीक्षाओं की सीबीआई (CBI) जांच की मांग को लेकर दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम के समाप्त होते ही बीजेपी ने चरणबद्ध प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। इसके तहत 8 सितंबर से राज्य के सभी 24 जिलों में डीसी (DC) और एसपी (SP) कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि यह आंदोलन लगातार चार दिनों तक चलेगा, जिसमें रोजाना 6 जिलों में प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे:

  • 8 सितंबर: रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा।
  • 9 सितंबर: कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा।
  • 10 सितंबर: सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा।
  • 11 सितंबर: रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा।

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे बेकसूर युवाओं और छात्रों के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि छात्रों पर दर्ज झूठे केस तुरंत वापस लिए जाएं और परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *