खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत पंगुरा गांव के जंगल से रविवार को 19 वर्षीय एक गर्भवती युवती का शव बरामद किया गया। मृतका 8 महीने की गर्भवती थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दोहरे हत्याकांड की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और आरोपी प्रेमी सागर ओड़ेया (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
2 साल से चल रहा था प्रेम संबंध पुलिस के अनुसार, अड़की थाना क्षेत्र की रहने वाली मृतका का पंगुरा गांव निवासी सागर ओड़ेया के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई थी। वह सागर पर खुद को और आने वाले बच्चे को अपनाने तथा साथ रखने का दबाव बना रही थी।
दूसरी युवती को घर लाने पर बढ़ा विवाद जांच में सामने आया है कि इस बीच प्रेमी सागर ने युवती से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। करीब दो महीने पहले उसने ढुकू प्रथा के तहत एक अन्य युवती को अपने घर में रख लिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद काफी बढ़ गया।
हक की मांग लेकर पहुंची थी प्रेमी के घर बीती 2 सितंबर को युवती अपने होने वाले बच्चे के अधिकार की मांग को लेकर सीधे सागर के घर पहुंची थी। इसके बाद 4 सितंबर से वह अचानक लापता हो गई। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद रविवार को पंगुरा के जंगल में उसका शव मिला।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और मुरहू थाना प्रभारी गॉडविन केरकेट्टा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
