रांची: सामाजिक व धार्मिक संस्था ‘कैलाश की करुणा, रांची’ के तत्वावधान में मंगलवार को 14 श्रद्धालुओं का एक दल पवित्र चार धाम यात्रा के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में 8 महिला और 6 पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं।
अंग वस्त्र व पुष्प माला पहनाकर दी गई विदाई
यात्रा पर रवाना होने से पूर्व केंद्रीय युवा महावीर मंडल रांची के अध्यक्ष नंद किशोर सिंह चंदेल और कविता वर्मा ने सभी तीर्थयात्रियों को अंग वस्त्र भेंट किए। वहीं, श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत कैलाशी केशव दास त्यागी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को पुष्प माला पहनाकर और आशीर्वाद देकर यात्रा के लिए रवाना किया।
वास्तु शास्त्री स्वामी विमलेश कुमार कर रहे नेतृत्व
यह पूरी धार्मिक यात्रा ‘कैलाश की करुणा’ के मार्गदर्शक और झारखंड के प्रसिद्ध वास्तु शास्त्री स्वामी विमलेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है।
हरिद्वार से शुरू होकर 12 अक्टूबर को संपन्न होगी यात्रा
तय कार्यक्रम के अनुसार, श्रद्धालु सबसे पहले हरिद्वार पहुँचकर पवित्र स्नान करेंगे। इसके बाद वे मनसा देवी मंदिर, भारत माता मंदिर, दक्ष महादेव मंदिर और सती कुंड का दर्शन करते हुए प्रसिद्ध गंगा आरती में भाग लेंगे।
हरिद्वार दर्शन के बाद यह जत्था मुख्य चार धामों—यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ की यात्रा के लिए आगे बढ़ेगा। इसके अलावा श्रद्धालु तुंगनाथ, उत्तरकाशी विश्वनाथ मंदिर और ऋषिकेश स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर के भी दर्शन करेंगे। पूरी यात्रा संपन्न कर यह दल 12 अक्टूबर को वापस रांची लौटेगा।
जत्थे में ये श्रद्धालु हैं शामिल
इस धार्मिक यात्रा में वीरेंद्र प्रसाद सिंह, धीरेंद्र कुमार सिंह, दिनेश सिंह, सुनील प्रसाद सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा, रीता मिश्रा, रीना देवी, नीलम कुमारी, सुनीता देवी, लखराज देवी, केसर देवी, राधा सिंह और मंजू सिंह शामिल हैं।
