धनबाद। धनबाद के बाघमारा स्थित कतरासगढ़ स्टेशन के पास रविवार को धनबाद-अलपुझा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13351) में अचानक धुआं निकलने से यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया। एसी कोच के पास से धुआं उठता देख बोगी में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि यह हादसा केवल ब्रेक बाइंडिंग की वजह से हुआ था और ट्रेन में आग लगने जैसी कोई घटना नहीं घटी।
समय रहते स्थिति पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया और यात्रियों ने राहत की सांस ली।
ब्रेक बाइंडिंग की वजह से उठा धुआं
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन धनबाद से अलपुझा के लिए रवाना हुई थी। कतरासगढ़ स्टेशन के समीप पहुंचते ही ट्रेन के एक एसी कोच के नीचे ब्रेक बाइंडिंग (ब्रेक शू चिपकने) के कारण घर्षण हुआ और तेज धुआं निकलने लगा। कोच के अंदर धुआं महसूस होते ही यात्रियों में डर और दहशत फैल गई।
जांच के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए किया गया रवाना
धुआं निकलने की सूचना मिलते ही ट्रेन को कतरासगढ़ स्टेशन पर तुरंत रोका गया। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित एसी कोच की गहन जांच की।
तकनीकी टीम ने ब्रेक बाइंडिंग की समस्या को दुरुस्त किया और पूरी जांच के बाद सुरक्षा सुनिश्चित होने पर ही ट्रेन को आगे के सफर के लिए हरी झंडी दी गई। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा, लेकिन किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है।
