आगामी दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर रांची नगर निगम पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहरवासियों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित व सुव्यवस्थित माहौल देने के लिए नगर निगम ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार (12 अक्टूबर) को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया और तैयारियों की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सीएमपीडीआई, पंडरा महावीर मंदिर, धुर्वा स्थित केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति और बस स्टैंड के पास के पंडालों के साथ-साथ वार्ड संख्या 48 और छप्पन सेठ इलाके का दौरा किया। उन्होंने पंडाल परिसरों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नालियों की सफाई, भीड़ नियंत्रण के लिए सुगम प्रवेश-निकास मार्ग और डस्टबिन की उपलब्धता जैसी बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं जल्द से जल्द पूरी करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
