झारखंड के नक्सल प्रभावित लातेहार जिले में सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के जंगलों में एसएसबी (SSB) की 32वीं वाहिनी और जिला पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और आईईडी (IED) बनाने के कंटेनर बरामद किए गए हैं।
सुग्गा बांध और अन्य जंगलों से हुई बरामदगी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 21 और 22 अक्टूबर को क्षेत्र में विशेष तलाशी अभियान चलाया था:
- 21 अक्टूबर: सुग्गा बांध वन क्षेत्र से सुरक्षा बलों ने एक .303 राइफल, खाली मैगजीन, 9 जिंदा कारतूस और कारतूस रखने वाली एक थैली बरामद की।
- 22 अक्टूबर: आधे, दौना और दुरुप वन क्षेत्रों में चले अभियान के दौरान एक बोल्ट-एक्शन राइफल, 9 एमएम पिस्टल की खाली मैगजीन और कुल 63 कारतूस (जिसमें 28 जिंदा कारतूस, 34 ट्रेसर कारतूस और एक 7.62 एमएम जिंदा कारतूस शामिल हैं) बरामद किए गए।
IED बनाने का सामान भी जब्त तलाश के दौरान सुरक्षा बलों को 22 अक्टूबर को शाम करीब 5:15 बजे विद्रोही गतिविधियों के नापाक मंसूबों का सुराग मिला। जंगल से आईईडी (IED) के दो स्टील कंटेनर, 20 मीटर प्लास्टिक शीट, रस्सी का एक बंडल, सिंथेटिक कपड़ा और रेत की दो बोरियां भी जब्त की गईं।
अधिकारियों ने दी जानकारी महुआडांड़ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ पूजा कुमारी और एसएसबी तिसिया समवाय के सहायक कमांडेंट अभिषेक कुमार गौरव ने इस पूरे अभियान की जानकारी दी। सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में नक्सलियों या असामाजिक तत्वों के किसी बड़े षड्यंत्र को नाकाम कर दिया गया है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
