रांची: गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने वाले झारखंड के मरीजों और उनके परिजनों की सहूलियत के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। तमिलनाडु के वेल्लोर और महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई में आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘झारखंड भवन’ के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पहल से बाहर इलाज कराने जाने वाले परिवारों को महंगे होटलों और लॉज के भारी खर्च से बड़ी राहत मिलेगी।
वेल्लोर में 1.25 एकड़ जमीन उपलब्ध
वेल्लोर स्थित प्रतिष्ठित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज (CMC) में देश के कोने-कोने से गंभीर बीमारियों के मरीज अपना इलाज कराने पहुंचते हैं। झारखंड से भी बड़ी संख्या में लोग यहां उपचार के लिए जाते हैं। चूंकि इलाज की प्रक्रिया कई हफ्तों या महीनों तक चल सकती है, इसलिए मरीजों के परिजनों को लंबे समय तक बाहर रहना पड़ता है, जिससे उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है।
इसे ध्यान में रखते हुए, वेल्लोर में झारखंड भवन के निर्माण के लिए 1.25 एकड़ जमीन मिल चुकी है। सभी आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी अनुमतियां मिलने के बाद जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस भवन के बनने से राज्य के गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को ठहरने में काफी आसानी होगी।
