पूर्णिया: बिहार के सरकारी विद्यालयों में फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे कार्यरत शिक्षकों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई का खाका तैयार कर लिया है। गलत दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति पाने, दूसरे व्यक्ति के स्थान पर नौकरी करने या निर्धारित शैक्षणिक अर्हता पूरी न करने वाले शिक्षकों को चिह्नित कर उनकी सेवा समाप्त की जाएगी। इसके साथ ही, प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई जाएगी।
शिक्षा विभाग के निदेशक (प्रशासन) विजय कुमार पांडेय ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) को स्पष्ट दिशानिर्देश दिए हैं। निर्देश में लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने और जांच प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई है।
चार श्रेणियों में होगी फर्जीवाड़े की पड़ताल विभाग ने संदिग्ध नियुक्तियों से जुड़े मामलों को चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया है:
- गलत तथ्यों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी प्राप्त करना।
- किसी अन्य व्यक्ति के स्थान पर कार्य करना।
- अमान्य अथवा गैर-मान्यता प्राप्त संस्थान के प्रमाण पत्र लगाना।
- मान्यता प्राप्त संस्थान के नाम से जाली प्रमाण पत्र तैयार कर नियुक्ति लेना।
इन सभी श्रेणियों के तहत अलग-अलग जांच की जाएगी। यदि नियुक्ति की तय अर्हक तिथि तक संबंधित अभ्यर्थी या शिक्षक के पास आवश्यक शैक्षणिक योग्यता नहीं पाई जाती है, तो सक्षम प्राधिकार द्वारा उनकी सेवा समाप्ति की कार्रवाई होगी। वहीं, जाली प्रमाण पत्रों की पुष्टि होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
2006 से 2021 तक की नियुक्तियों की खुलेगी फाइल शिक्षा विभाग ने वर्ष 2006 से 2021 के बीच पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के माध्यम से हुई शिक्षक नियुक्तियों की समीक्षा करने का भी आदेश दिया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की जांच में जिन शिक्षकों के प्रमाण पत्र पूर्व में फर्जी पाए गए थे, उनमें से कई मामलों में सेवा समाप्ति का अंतिम फैसला अभी तक लंबित है। ऐसे कई शिक्षक अब भी सेवा में बने हुए हैं और वेतन भुगतान का दावा कर रहे हैं, जिनके मामलों का अब त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
