भीषण ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टी, रांची जिला प्रशासन ने जारी किया निर्देश

भीषण ठंड के चलते स्कूलों में छुट्टी, रांची जिला प्रशासन ने जारी किया निर्देश

रांची में लगातार गिरते तापमान और शीतलहरी की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), झारखंड मौसम विज्ञान केंद्र, रांची द्वारा जारी विशेष बुलेटिन के अनुसार राज्य में अगले आदेश तक कड़ाके की ठंड और शीतलहरी की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने रांची जिले को येलो जोन में रखते हुए ठंड के प्रभाव के और बढ़ने की आशंका जताई है।

मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत आदेश जारी किया है। इसके तहत रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए पठन-पाठन कार्य अस्थायी रूप से बंद रहेगा। यह आदेश 27 दिसंबर 2025 से लागू होकर 31 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अत्यधिक ठंड और शीतलहरी से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। खासकर छोटे बच्चों और किशोरों में सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। हालांकि, यह भी कहा गया है कि यदि इस अवधि में पहले से निर्धारित परीक्षाएं हैं तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक से उनका आयोजन कर सकते हैं, लेकिन इस दौरान छात्रों की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करना अनिवार्य होगा।

इधर, रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात के समय भीषण ठंड महसूस की जा रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं और बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ गई है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आगे भी उचित कदम उठाए जाएंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *