रांची: मशहूर पंजाबी सिंगर बी प्राक एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनके सुपरहिट हाई-टोन गाने नहीं, बल्कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली जान से मारने की धमकी है। सिंगर से 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई है और रकम देने के लिए एक हफ्ते का अल्टीमेटम दिया गया है। धमकी में कहा गया है कि तय समय में फिरौती नहीं देने पर गंभीर नुकसान पहुंचाया जा सकता है। इस मामले को लेकर मोहाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इसी बीच जानते हैं नेशनल अवॉर्ड विजेता और तेजी से उभरे सिंगर बी प्राक के जीवन और करियर के बारे में।
शुरुआती जीवन
बी प्राक का असली नाम प्रतीक बच्चन है। उनका जन्म 7 फरवरी 1986 को चंडीगढ़ में हुआ था। संगीत उन्हें विरासत में मिला है। उनके पिता वरिंदर बच्चन पंजाबी और हिंदी म्यूजिक कंपोजर रहे हैं और लोकगीतों व भजनों की रचनाएं भी करते थे। उन्होंने जट्ट पंजाब दा जैसी फिल्मों में अभिनय भी किया है। बी प्राक की शुरुआती पढ़ाई चंडीगढ़ में ही हुई।
संगीत करियर
बी प्राक ने अपने करियर की शुरुआत म्यूजिक कंपोजर के तौर पर की। गीतकार जानी के साथ उनकी जोड़ी ने उन्हें पहचान दिलाई। साल 2013 में गीत सोच से उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में धमाकेदार एंट्री की, जिसे हार्डी संधू ने गाया था। इसके बाद बी प्राक रोमांटिक, सैड और इमोशनल हाई-टोन गानों के लिए मशहूर हो गए।
बॉलीवुड में एंट्री
अपनी अलग पहचान बना चुके बी प्राक को बॉलीवुड में बड़ा मौका 2020 में फिल्म शेरशाह से मिला। सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी स्टारर इस फिल्म में उन्होंने मन भरैया 2.0 गाया। इसके बाद फिल्म केसरी का देशभक्ति गीत तेरी मिट्टी उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। रणबीर कपूर की फिल्म एनिमल का गीत सारी दुनिया जला देंगे भी जबरदस्त हिट रहा।
बी प्राक के हिट गाने
- तेरी मिट्टी (2019) – नेशनल अवॉर्ड विनिंग, फिल्म केसरी
- पछताओगे (2019)
- फिलहाल (2019)
- फिलहाल 2 (2021)
- बारिश की जाए (2021)
- दिल तोड़ के (2020)
- बारिश बन जाना (2022)
- रूदारियां (2022)
- कुछ भी हो जाए (2023)
- क्या लोग तुम (2024)
- दिल काट के देखना है (2025 – ट्रेंडिंग)
अवॉर्ड्स
बी प्राक को फिल्म केसरी के गीत तेरी मिट्टी के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
नेटवर्थ और लाइफस्टाइल
बी प्राक का लाइफस्टाइल काफी लग्जरी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति 70 करोड़ रुपये से अधिक है। हालांकि प्रति गाने की फीस सार्वजनिक नहीं है, लेकिन वे इंडस्ट्री के महंगे सिंगर्स में गिने जाते हैं। उनके कार कलेक्शन में मर्सिडीज मेबैक, बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, बीएमडब्ल्यू 530i स्पोर्ट्स और हुंडई क्रेटा जैसी लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं। उन्हें महंगी जूलरी पहनने का भी शौक है।
परिवार
बी प्राक ने 2019 में मीरा से शादी की थी। 2022 में उनके पहले बेटे का जन्म हुआ, लेकिन कुछ समय बाद ही उसका निधन हो गया। इसके बाद 2024 में उनके घर फिर खुशियां लौटीं और मीरा ने एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम अदब रखा गया है।
धर्म और अध्यात्म से जुड़ाव
बी प्राक का रुझान अध्यात्म की ओर भी है। उन्होंने कई भक्ति गीत गाए हैं और अक्सर वृंदावन जाते नजर आते हैं। सत्संगों में उनकी भागीदारी भी रही है। राधा-रानी और महाकाल प्यारे जैसे भक्ति गीत उनके फैंस के बीच खासे लोकप्रिय हैं।
