रांची में कारोबारी की कार में मादक पदार्थ प्लांट करने के मामले में नेता समेत तीन गिरफ्तार

रांची: राजधानी रांची में एक बड़े कारोबारी को फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ है। कारोबारी की कार में ब्राउन शुगर रखकर पुलिस से गिरफ्तार करवाने की योजना रची गई थी। इस मामले में पुलिस ने एक राजनीतिक दल के नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

कारोबारी को फंसाने की रची गई साजिश

लोअर बाजार थाना पुलिस ने एक राजनीतिक पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ से जुड़े नेता तनवीर खान सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कारोबारी और तनवीर खान के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी कारण तनवीर खान ने अपने सहयोगियों के जरिए कारोबारी की कार में मादक पदार्थ रखवा दिया था।

लोअर बाजार थाना प्रभारी रणविजय शर्मा ने बताया कि इस मामले में तनवीर खान समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

चेकिंग के दौरान कार से मिला मादक पदार्थ

पुलिस को पहले ही सूचना दे दी गई थी कि एक कार में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। इसके बाद रविवार रात मेन रोड पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान कारोबारी की कार की भी जांच की गई, जिसमें से मादक पदार्थ बरामद हुआ।

हालांकि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक व्यक्ति कारोबारी की कार में मादक पदार्थ रखते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

ये तीन लोग हुए गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में तनवीर खान, इसराफिल उर्फ राजा और मुकेश सोनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक इसराफिल उर्फ राजा ही बक्सर से ब्राउन शुगर खरीदकर लाया था और उसी ने कारोबारी की कार में इसे रखा था। वहीं मुकेश सोनी पूरी साजिश में तनवीर और राजा के साथ शामिल था।

एडमिशन के नाम पर एक करोड़ रुपये लेने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार कारोबारी अपनी बेटी का एक मेडिकल संस्थान में एडमिशन कराना चाहता था। इसके लिए उसने तनवीर खान को एक करोड़ रुपये दिए थे। लेकिन तनवीर ने न तो एडमिशन कराया और न ही पैसे लौटाए। कारोबारी का आरोप है कि पैसे वापस करने के दबाव से बचने के लिए ही उसे फंसाने की साजिश रची गई।

ग्रामीण एसपी कर रहे हैं मामले की जांच

मामले की जांच की जिम्मेदारी ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर को दी गई थी। उन्होंने चर्च कॉम्प्लेक्स और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कारोबारी की कार में मादक पदार्थ रखा गया था। इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *