बाढ़ में युवक को गोली मारकर घायल, मोकामा क्षेत्र में दहशत

बिहार के बाढ़ अनुमंडल के मोकामा क्षेत्र में सोमवार देर रात अपराधियों ने एक युवक को घेरकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नदावां गांव के पास हुई और घायल को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

बाढ़ के मोकामा क्षेत्र में युवक पर गोलीबारी

बिहार के बाढ़ अनुमंडल स्थित मोकामा क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना मोकामा विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव के पास नदावां गांव में पावर ग्रिड के समीप हुई।

घटना के बाद घायल युवक को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

बाइक से लौटते समय घेरकर की फायरिंग

घायल की पहचान बख्तियारपुर निवासी बल्लम यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह देर रात करीब 12 बजे सक्सोहारा से एक कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान कार सवार 3-4 अपराधियों ने उनका पीछा किया और उन्हें घेरकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े।

घटना के बाद इलाके में दहशत

वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

इस घटना के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

आपसी रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि गोली युवक के बांह में लगी है।

घटना के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है।

पुलिस जांच और छापेमारी जारी

घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्ण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

एसडीपीओ के अनुसार, घायल व्यक्ति फिलहाल खतरे से बाहर है और उसे पीठ पर गोली लगी है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों में से दो लोगों को वह पहचानता है।

पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *