बोकारो: ऊपरघाट स्थित पलामू पंचायत के गीदरपटका इलाके में रामाहरिया कोल प्लांट से निकल रही संदिग्ध गैस और घने धुएं ने स्थानीय ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। नियमों को ताक पर रखकर बिना ऊंची चिमनी के खुले में छोड़े जा रहे इस धुएं से क्षेत्र में वायु प्रदूषण चरम पर पहुंच गया है, जिससे लोगों का सांस लेना दूभर हो रहा है।
मासूम बच्चों और मजदूरों की सेहत पर संकट ग्रामीणों के अनुसार कोल प्लांट के बेहद करीब एक स्कूल संचालित होता है। जमीन स्तर पर ही जहरीली गैस और धुआं फैलने के कारण स्कूल जाने वाले मासूम बच्चों, प्लांट में कार्यरत मजदूरों और आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है। लोगों को विभिन्न बीमारियों और बड़े हादसे की आशंका सता रही है।
शिकायत के बाद भी प्रशासनिक अनदेखी स्थानीय निवासियों ने नावाडीह अंचल अधिकारी (सीओ) अभिषेक कुमार को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन आरोप है कि प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
थाना प्रभारी से जांच और कार्रवाई की गुहार प्रशासनिक उदासीनता से आक्रोशित ग्रामीणों ने अब पेंक थाना प्रभारी नीतीश कुमार से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने अपील की है कि अधिकारी तत्काल मौके का मुआयना करें, गैस के स्रोत की जांच कराएं और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्लांट प्रबंधन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करें।
