डिजिटल अरेस्ट गिरोह पर CBI का अब तक का सबसे बड़ा क्रैकडाउन: 20 राज्यों में 89 ठिकानों पर रेड, 42 करोड़ की ठगी में 3 गिरफ्तार

नई दिल्ली: देशभर में ‘डिजिटल अरेस्ट’ (Digital Arrest) के नाम पर मासूम लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अब तक की सबसे बड़ी राष्ट्रव्यापी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन चक्र-6’ (Operation Chakra-VI) के तहत सीबीआई ने देश के 20 अलग-अलग राज्यों में स्थित 89 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान एजेंसी ने 42.36 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले सिंडिकेट से जुड़े तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच में सामने आया कि ठग खुद को पुलिस या अन्य जांच एजेंसियों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर पीड़ितों को वीडियो कॉल पर डराते-धमकाते थे। अपराधियों ने बिट्स-पिलानी के एक व्यक्ति को 3 महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 7.67 करोड़ रुपये, गुजरात के एक व्यक्ति से 19.24 करोड़ रुपये और कर्नाटक में एक महीने में ही 15.45 करोड़ रुपये ठग लिए थे।

सीबीआई प्रवक्ता बीना यादव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हरियाणा का आकाश, कोलकाता का राजा करमाकर और ज्योति रानी शामिल हैं। ये तीनों आरोपी ठगी की रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर करने और कैश निकालने का काम करते थे। छापेमारी के दौरान जब्त किए गए बैंकिंग रिकॉर्ड और डिजिटल डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है, जिससे इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के मास्टरमाइंड का खुलासा होने की उम्मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *