पलामू/चतरा: चतरा जिले के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेंद्रा गांव में प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के पूर्व शीर्ष कमांडर और उसके साथियों के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस फायरिंग में टीएसपीसी के पूर्व टॉप कमांडर देवेंद्र गंझू और उसके एक साथी चुरामन गंझू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम भोक्ता और उसका साला गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल गोपाल भोक्ता को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सिमरिया एसडीपीओ शुभम खंडेवाला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच जारी है।
कैसे हुई फायरिंग की घटना
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात टीएसपीसी के पूर्व कमांडर देवेंद्र गंझू अपने साथियों के साथ कुंडा थाना क्षेत्र के गेंद्रा गांव स्थित श्याम भोक्ता और उसके साले गोपाल भोक्ता के घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर देवेंद्र गंझू और श्याम भोक्ता के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गया। इस फायरिंग में देवेंद्र गंझू और चुरामन गंझू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि श्याम भोक्ता और गोपाल भोक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र गंझू टीएसपीसी का शीर्ष कमांडर रह चुका था और उसके खिलाफ झारखंड के विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 36 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वहीं, श्याम भोक्ता हाल ही में एनआईए के एक मामले में जेल से बाहर आया था, जिसकी जांच अभी एनआईए द्वारा की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताई घटना की वजह
ग्रामीणों के अनुसार, पलामू के पांकी इलाके में टीएसपीसी के हथियार फैक्ट्री के खुलासे के बाद एनआईए जांच कर रही है। इसी से जुड़े अफीम के पैसों और पूर्व में वसूली गई लेवी की रकम के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान फायरिंग की घटना घटी। पुलिस ने मामले में घायल गोपाल भोक्ता से भी पूछताछ की है।
