रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के ब्राम्बे में खुलने वाली मेडिकल यूनिवर्सिटी (झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज) के शीघ्र संचालन के लिए नियमावली तैयार करने और फैकल्टी मेंबर्स की नियुक्ति प्रक्रिया तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश स्वास्थ्य विभाग को देते हुए यूनिवर्सिटी के संचालन की तैयारियों की समीक्षा प्रोजेक्ट भवन में की। उन्होंने कहा कि मेडिकल यूनिवर्सिटी के संचालन के सभी कदम नेशनल मेडिकल कमीशन की गाइडलाइन के अनुसार पूरी किए जाएं। उनका उद्देश्य है कि स्वास्थ्य विज्ञान के क्षेत्र में यह यूनिवर्सिटी मानव संसाधन विकास, मेडिकल शोध और स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और उन्नत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य में संचालित होने वाली पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी होगी और उनकी सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने इसे इस दिशा में मील का पत्थर बताया।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को यूनिवर्सिटी के अस्थायी संचालन के लिए ब्राम्बे स्थित पंचायती राज संस्थान में उपलब्ध संरचनाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी मौजूद थे।
