धनबाद: स्टेशन के बाहर रेलवे शो-पीस में लगी भीषण आग, दमकल की तुरंत कार्रवाई से टली बड़ी दुर्घटना

धनबाद: स्टेशन के बाहर रेलवे शो-पीस में लगी भीषण आग, दमकल की तुरंत कार्रवाई से टली बड़ी दुर्घटना

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन परिसर के बाहर रविवार रात अफरातफरी मच गई, जब स्टेशन के मुख्य द्वार के पास लगे रेलवे शो-पीस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय स्टेशन के बाहर यात्रियों और आम लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की संभावना थी। हालांकि, दमकल कर्मियों और रेलवे स्टाफ की तत्परता से हादसा टल गया।

अचानक शो-पीस में लगी आग
स्टेशन के मुख्य गेट के सामने पार्किंग एरिया की ओर कोयले की आकृति पर आधारित एक रेलवे शो-पीस स्थापित है, जिसे चारों ओर ग्रिल से घेरा गया था। अचानक इसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटें तेज़ी से उठने लगीं। आग लगते ही रेलवे कर्मचारी, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान और आसपास मौजूद लोग तुरंत आग बुझाने में जुट गए।

हालांकि मौके पर पानी की तत्काल व्यवस्था नहीं थी, जिससे आग पर काबू पाने में कठिनाई हुई। स्टेशन के मुख्य गेट के पास आपातकाल के लिए रखी गई बाल्टियों में मौजूद बालू को आग पर डालकर उसकी तीव्रता कम करने का प्रयास किया गया। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह काबू में किया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

सिगरेट या ज्वलनशील पदार्थ से आग लगने की संभावना
अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कोयले की आकृति बनाने में थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील सामग्री का उपयोग किया गया था, जो आग के संपर्क में आते ही तेजी से जल गई। आशंका जताई जा रही है कि किसी व्यक्ति ने शो-पीस के पास सिगरेट या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया होगा, जिससे आग लगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *