रांची: राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली और फिर राहत पहुंचाने वाली एक खबर सामने आई है। यहाँ पिछले चार दिनों से सड़क किनारे बेसुध और गंभीर हालत में पड़े एक अज्ञात युवक को जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) की मुस्तैदी के कारण नया जीवन मिला है। DLSA की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में भर्ती कराया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।
ऐसे मिला युवक को जीवनदान
जानकारी के मुताबिक, सड़क किनारे दर्द से तड़प रहे इस युवक पर स्थानीय लोगों की नजर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पीएलवी (पैरा लीगल वॉलंटियर) अनिता देवी को दी। अनिता देवी ने बिना वक्त गंवाए मामले की जानकारी DLSA सचिव राकेश रौशन से साझा की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए झालसा (JHALSA) के कार्यपालक अध्यक्ष जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश, सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना और रांची के न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में तुरंत एक रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। इस टीम ने रिम्स प्रबंधन के सहयोग से मौके पर पहुंचकर युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
शरीर पर चोट के निशान, लिखकर बताया अपना नाम
चिकित्सकों के अनुसार, युवक की हालत काफी गंभीर है। उसके शरीर पर कई गहरी चोटों के निशान हैं और वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, युवक ने एक कागज पर लिखकर अपना नाम आकाश बताया है और खुद को बिहार का रहने वाला कहा है। पुलिस और प्रशासन अब उसके पूरे पते और पहचान की कड़ियों को जोड़ने में जुटे हैं।
देखभाल के लिए PLV तैनात
DLSA ने युवक के इलाज और देखरेख में कोई कमी न आए, इसके लिए रिम्स में विशेष रूप से एक पैरा लीगल वॉलंटियर (PLV) की तैनाती कर दी है। यह वॉलंटियर अस्पताल में युवक के इलाज और अन्य जरूरी जरूरतों की निगरानी करेगा।
