जमुआ में सनसनी: 16 वर्षीय किशोर को बोरे में भरकर ले जा रहे थे किडनैपर, जांबाजी ने बचा ली जान

गिरिडीह (जमुआ): गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत नारेबाद गांव में मंगलवार को फिल्मी अंदाज में अपहरण की एक खौफनाक वारदात सामने आई। दो बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े 16 वर्षीय सूरज हाजरा को अगवा कर उसे बोरे में बंद कर दिया। हालांकि, किशोर की बहादुरी और सूझबूझ के आगे अपराधियों के मंसूबे फेल हो गए।

शाम के वक्त घर के पास से उठाया

घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है। पीड़ित सूरज हाजरा ने बताया कि वह अपने घर के पास ही था, तभी अचानक दो नकाबपोश अपराधी बाइक से वहां पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, अपराधियों ने उसे दबोच लिया और जबरन एक बोरे में बंद कर दिया।

बोरे के अंदर से शुरू की जंग

अपराधी उसे बाइक पर लादकर गिरिडीह-जमुआ रोड की ओर भागने लगे। अपनी जान खतरे में देख सूरज ने हिम्मत नहीं हारी। उसने बोरे के भीतर से ही पूरी ताकत लगाकर चिल्लाना और शोर मचाना शुरू कर दिया। अपराधियों को डर सताने लगा कि कहीं भीड़ उनका पीछा न शुरू कर दे।

परियाणा पुल के पास किशोर को फेंका

लगातार हो रहे शोर और पकड़े जाने के डर से अपराधी घबरा गए। उन्होंने परियाणा पुल के पास बाइक रोकी, सूरज को बोरे से बाहर निकाला और वहीं छोड़कर फरार हो गए। अपराधियों के चंगुल से छूटते ही सूरज ने तुरंत अपने भाई को फोन कर आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजन उसे घर ले आए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *