हजारीबाग में हाई अलर्ट: सड़कों से लेकर स्टेशन तक पुलिस का सख्त पहरा, गाड़ियों की सघन जांच

हजारीबाग: जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए प्रमुख सड़कों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिले के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।

चौपारण से बड़कागांव तक बैरिकेडिंग और जांच अभियान

एसपी अमन कुमार के निर्देश पर जिले के संवेदनशील मार्गों और प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। चौपारण से चरही और बड़कागांव मार्ग तक जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर जांच अभियान चलाया जा रहा है। सड़कों से गुजरने वाली छोटी-बड़ी गाड़ियों को रोककर तलाशी ली जा रही है और यात्रियों से पूछताछ की जा रही है।

बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर बढ़ा पहरा

सुरक्षा के लिहाज से हजारीबाग बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है। आने-जाने वाले यात्रियों और उनकी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी से लेकर डीएसपी स्तर के अधिकारी खुद धरातल पर उतरकर सुरक्षा तैयारियों और चेकिंग अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारी

पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह पूरा सतर्कता अभियान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है।

पुलिस की अपील: अफवाहों से बचें, सहयोग करें

प्रशासन ने आम जनता से जांच प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक जानकारी साझा न करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *