जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा पेश आया। टेल्को थाना क्षेत्र के रिंग रोड के पास एक तेज रफ्तार कार ने स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में गुरु नानक स्कूल, टेल्को के आठ विद्यार्थी घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद कार चला रही महिला मौके से फरार हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को तुरंत टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रिंग रोड पर बेकाबू कार का कहर प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार सुबह ऑटो में सवार होकर बच्चे अपने स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान टेल्को थाना क्षेत्र के रिंग रोड मोड़ के पास तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित कार ने सीधे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े और तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को ऑटो से बाहर निकालकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
आठ विद्यार्थी घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज इस दुर्घटना में अमृता कुमारी, गुरप्रीत कौर, रोहित कुमार, आशीष गुप्ता, मोहित गुप्ता, रिचा कुमारी और अनुष्का कुमारी समेत कुल आठ बच्चे घायल हुए हैं। सभी को टाटा मोटर्स अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। शुरुआती इलाज के बाद बच्चों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, हालांकि कुछ विद्यार्थियों को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
महिला कार चालक की तलाश में जुटी पुलिस हादसे के तुरंत बाद कार चला रही महिला मौके से गाड़ी छोड़कर या वहां से फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही घायल बच्चों के परिजन और स्कूल प्रबंधन के लोग अस्पताल पहुंचे। टेल्को थाने की पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार महिला चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर फिर खड़े हुए बड़े सवाल जमशेदपुर में स्कूली बच्चों के परिवहन से जुड़े हादसे लगातार चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। इससे पहले सितंबर में भी टेल्को क्षेत्र में बच्चों से भरी एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी, जिसमें 12 से अधिक बच्चे घायल हुए थे। इसके अलावा गोलमुरी और सिदगोड़ा में भी स्कूली ऑटो पलटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रहे इन हादसों ने स्कूली बच्चों की सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन के तमाम दावों और गति नियंत्रण के निर्देशों के बावजूद सड़कों पर लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है।
