झारखंड क्राइम: साथ में शराब पीने से इनकार करने पर बेरहमी से पीट-पीटकर शख्स की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में शराब पीने के विवाद को लेकर एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। यह सनसनीखेज वारदात गोइलकेरा थाना क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत अंतर्गत रायरोवां गांव की है। मृतक की पहचान 50 वर्षीय जरका अंगरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव के ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शराब के लिए किया था मजबूर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम गुलिया कुम्हार (42) और प्रधान अंगरिया (26) नशे की हालत में जरका अंगरिया के घर पहुंचे थे। दोनों ने उसे अपने साथ शराब पीने चलने के लिए कहा, लेकिन जरका ने जाने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात पर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई।

पुरानी रंजिश भी आई सामने

शुरुआती जांच में यह भी बात सामने आई है कि आरोपियों और मृतक के बीच पहले से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश और शराब के लिए मना करने के गुस्से में आरोपियों ने जरका अंगरिया की घर के आंगन में ही लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आई और दोनों नामजद आरोपियों—गुलिया कुम्हार और प्रधान अंगरिया—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *