पलामू: झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे गिरोह की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी नेशनल हाईवे-139 पर फोरलेन निर्माण कार्य में जुटी कंपनी से रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि निर्माण कंपनी पर हमला करने के एवज में इन आरोपियों को डेढ़ लाख रुपये देने का सौदा तय हुआ था।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पलामू पुलिस को चैनपुर थाना क्षेत्र के मंगरदाहा इलाके में अपराधियों के जुटने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मोहम्मद सैफ, यूसुफ अंसारी और शाहिद खलीफा के रूप में हुई है। जांच में यह भी पता चला कि ये सभी आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से राहुल दुबे गिरोह के संपर्क में आए थे।
प्रकाश शुक्ला के जरिए होती थी हथियारों की सप्लाई
पुलिस पूछताछ में प्रकाश शुक्ला नामक शख्स का नाम सामने आया है, जो गिरोह के लिए हथियार और शूटरों का इंतजाम करता था। आरोपी यूसुफ अंसारी सीधे प्रकाश शुक्ला के संपर्क में था और उसी ने अन्य साथियों को इस वारदात के लिए तैयार किया था। फिलहाल पुलिस प्रकाश शुक्ला की तलाश और उसके ठिकानों के सत्यापन में जुटी है।
पहले भी मांगी जा चुकी है रंगदारी
पुलिस के अनुसार, एनएच के फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी से पहले भी रंगदारी की मांग की गई थी। मांग पूरी न होने पर गिरोह ने निर्माण स्थल पर फायरिंग कर खौफ पैदा करने की योजना बनाई थी। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई है और पुलिस मामले की आगे की तहकीकात कर रही है।
