रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शनिवार को रांची से ‘फ्रीडम ड्राइव’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रांची सेमरिटन राउंड टेबल द्वारा आयोजित यह विशेष यात्रा ‘शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता’ (फ्रीडम थ्रू एजुकेशन) की थीम पर आधारित है। यह ड्राइव रांची से शुरू होकर पुरुलिया के अयोध्या पहाड़ तक जाएगी।
इस अवसर पर लोक भवन के मुख्य द्वार से यात्रा को रवाना करते हुए राज्यपाल ने आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा न केवल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता के लिए जरूरी है, बल्कि यह समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण का भी सबसे प्रभावी जरिया है।
“समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुँचाना और स्कूलों में बुनियादी ढाँचे का विकास करना एक प्रेरणादायी कदम है। ऐसी पहलों से समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोग राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।” — संतोष कुमार गंगवार, राज्यपाल
