गिरिडीह पुलिस और कोबरा की बड़ी कामयाबी: 25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो गिरफ्तार, 240 से ज्यादा मामलों में था वांछित

गिरिडीह: झारखंड में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की कोबरा-209 बटालियन ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के स्पेशल एरिया कमेटी (SAC) के शीर्ष कमांडर अजय महतो उर्फ मोछू उर्फ टाइगर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए नक्सली पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

सुरक्षाबलों को 17 जुलाई को खुखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी अंतर्गत जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सटीक खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार के नेतृत्व में पुलिस और कोबरा बटालियन ने पिपराडीह (खवासटांड़ टोला) के जंगलों की घेराबंदी कर इस खूंखार नक्सली को दबोच लिया।

दो दशकों से संगठन में था सक्रिय

पुलिस के अनुसार, अजय महतो साल 2005 से ही माओवादी संगठन से जुड़ा हुआ था। वह संगठन के लिए लेवी (रंगदारी) वसूलने, भारी मात्रा में हथियार व विस्फोटक जुटाने और सुरक्षाबलों पर बड़े हमलों की साजिश रचने का मुख्य सूत्रधार था। पारसनाथ, सारंडा और लुगू पहाड़ जैसे दुर्गम इलाकों में उसकी गहरी पैठ थी।

दर्ज हैं हत्या और आईईडी ब्लास्ट के 240 से अधिक केस

गिरफ्तार नक्सली का आपराधिक इतिहास बेहद लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, आईईडी विस्फोट, सुरक्षाबलों पर घात लगाकर हमला करने और पुलिस मुखबिरी के शक में ग्रामीणों की हत्या जैसे 240 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

  • 68 मामले: अकेले गिरिडीह जिले में दर्ज हैं।
  • अन्य प्रभावित जिले: पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, चतरा, रामगढ़ और सरायकेला में भी उसके खिलाफ कई मुकदमे लंबित हैं।

अजय महतो की गिरफ्तारी को झारखंड में नक्सली नेटवर्क के लिए एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *