मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फेनहारा थाना क्षेत्र के कालूपकर गांव (वार्ड संख्या-2) में छापेमारी की है। एनआईए की टीम ने यहां मो. कलामुद्दीन के घर पर घंटों सर्च ऑपरेशन चलाया और उससे सघन पूछताछ की।
कंबोडिया भेजने वाले रैकेट से जुड़े होने का शक
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए के दिल्ली मामले (RC-10/2024/NIA/DLI) की कड़ियों को जोड़ते हुए टीम कलामुद्दीन के घर तक पहुंची। जांच एजेंसी को संदेह है कि कलामुद्दीन युवाओं को झांसा देकर विदेश भेजने वाले एक बड़े और संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का हिस्सा है। पूछताछ में यह बात सामने आई है कि वह लोगों को कंबोडिया भेजने और उनके हवाई टिकट का इंतजाम करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था।
मुख्य आरोपी सुधीर सिंह से कनेक्शन
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कलामुद्दीन का सीधा संपर्क छपरा के रहने वाले सुधीर सिंह से था, जिसे इस पूरे रैकेट का मुख्य सरगना माना जा रहा है। ये दोनों मिलकर भोले-भले लोगों को विदेश में अच्छे रोजगार और मोटी सैलरी का लालच देकर जाल में फंसाते थे।
मोबाइल जब्त, 13 जुलाई को पटना दफ्तर में पेशी
एनआईए ने कार्रवाई के दौरान कलामुद्दीन का मोबाइल फोन और कई अन्य डिजिटल उपकरण जब्त कर लिए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच की जाएगी। इसके अलावा, एनआईए ने कलामुद्दीन को नोटिस थमाते हुए 13 जुलाई को पटना स्थित एनआईए कोर्ट/कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से हाजिर होने का कड़ा निर्देश दिया है।
