कोडरमा में बिजली संकट बढ़ने की आशंका, कई क्षेत्रों में आपूर्ति रहेगी बाधित

कोडरमा में बिजली संकट बढ़ने की आशंका, कई क्षेत्रों में आपूर्ति रहेगी बाधित

कोडरमा जिले में आगामी कुछ दिनों तक बिजली संकट गहराने की आशंका है। कोडरमा थर्मल पावर प्लांट की एक यूनिट 16 दिसंबर से बंद है, जिससे करीब 500 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसके अलावा कोडरमा थर्मल पावर प्लांट और झुमरी तिलैया स्थित बिशुनपुर ग्रिड के बीच 132 केवीए कंडक्टर बदलने का कार्य जारी है, जो अभी तक पूरा नहीं हो सका है। इस कार्य के पूरा होने में लगभग एक सप्ताह और लग सकता है।

जनवरी से सामान्य होने की उम्मीद

कोडरमा थर्मल पावर प्लांट के मुख्य अभियंता संजय कुमार ने बताया कि फिलहाल प्लांट की दो यूनिटों में से सिर्फ एक यूनिट ही संचालित है, जिससे जिले को जरूरत के मुताबिक बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। वहीं, कोडरमा बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता रणधीर कुमार ने बताया कि 2 जनवरी से जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।

रणधीर कुमार के अनुसार, मेंटेनेंस कार्य को देखते हुए शनिवार से शहरी क्षेत्रों में 16–17 घंटे और ग्रामीण इलाकों में कम से कम 12 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 132 केवीए कंडक्टर रिप्लेसमेंट के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। विभाग ने पहले ही 10 दिसंबर से 25 दिसंबर तक डोमचांच, मरकच्चो, सतगावां और जयनगर क्षेत्रों में 50 प्रतिशत बिजली आपूर्ति रहने की सूचना जारी की थी, लेकिन कार्य में देरी के चलते संकट और बढ़ गया है।

कई इलाकों में बिजली रहेगी बाधित

बिजली संकट को लेकर उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में डीवीसी और जेबीवीएनएल के अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीवीसी अधिकारियों ने बताया कि कंडक्टर बदलने के साथ-साथ कोडरमा थर्मल पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफार्मर का मेंटेनेंस कार्य भी चल रहा है, जिसे 1 जनवरी तक पूरा किए जाने की उम्मीद है। इस कारण शनिवार को कोडरमा जिले के मरकच्चो, सतगावां, डोमचांच, जयनगर और हजारीबाग जिले के चलकुशा प्रखंड में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *