रांची: राजधानी रांची में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत लोअर बाजार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डोम टोली इलाके में छापेमारी कर लग्जरी वाहन से ब्राउन शुगर और गांजा सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद अनस कुरैशी लोअर बाजार थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है।
सफेद सफारी कार से सप्लाई का पर्दाफाश रांची एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि डोम टोली तालाब पट्टी इलाके में सफेद रंग की टाटा सफारी गाड़ी से नशीले पदार्थों की धड़ल्ले से सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर गठित विशेष पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से संदिग्ध गाड़ी को पकड़ा। तलाशी के दौरान कार से छिपाकर रखी गई 20 ग्राम ब्राउन शुगर, 16 ग्राम गांजा, ₹4,700 नकद और एक आईफोन 13 बरामद किया गया।
पुराना आपराधिक इतिहास, जेल भेजा गया पुलिस ने आरोपी के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा सफारी कार को जब्त कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अनस कुरैशी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; वह धनबाद के बरोरा थाने में भी एक आपराधिक मामले में नामजद अभियुक्त है।
