रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता पानेश्वर महतो के अपहरण की सनसनीखेज खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, रामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उन्हें पड़ोसी जिले हजारीबाग से सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन और उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है।
नकली पुलिस बनकर बोलेरो में आए थे बदमाश मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पानेश्वर महतो नेशनल हाईवे-33 (NH-33) पर गोबरदहा चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान एक बोलेरो में सवार होकर आए 4-5 अज्ञात बदमाशों ने खुद को कुजू ओपी पुलिस का अधिकारी बताया और उन्हें जबरन गाड़ी में बिठाकर फरार हो गए। परिजनों और समर्थकों द्वारा काफी देर तक खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो मामले की सूचना रामगढ़ पुलिस को दी गई।
पूरे इलाके में नाकाबंदी, हजारीबाग से हुए बरामद सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई और पूरे जिले में सघन नाकाबंदी कर जांच शुरू की। जब रामगढ़ में कोई सफलता नहीं मिली, तो जांच का दायरा पड़ोसी जिलों तक बढ़ाया गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सुरक्षित बरामद कर लिया।
जांच जारी, मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल भेजा बरामदगी के बाद पानेश्वर महतो को हजारीबाग के सदर अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका प्राथमिक मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपहरण के पीछे की वजह और इसमें शामिल गिरोह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।
