रांची: झारखंड की राजधानी रांची में मंगलवार दोपहर आए भीषण आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक बदले मौसम के मिजाज ने शहर के जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान लालपुर थाना क्षेत्र के ईस्ट जेल रोड में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक पुराना विशाल पेड़ चलती कार पर गिर गया।
मशक्कत के बाद निकाला गया घायल युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरते ही कार मलबे में दब गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और लालपुर थाना पुलिस ने बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन युवक को काफी चोटें आई हैं।
बिजली व्यवस्था ठप, प्रशासन पर उठे सवाल
हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पेड़ गिरने से 11,000 वोल्ट के बिजली के तार भी उसकी चपेट में आ गए, जिससे इलाके की बिजली गुल हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे लगे पुराने पेड़ों की टहनियों की समय पर छंटाई नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
शहर के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित
सिर्फ ईस्ट जेल रोड ही नहीं, बल्कि शहर के कई अन्य हिस्सों से भी पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें आ रही हैं। तेज बारिश की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई और सड़कों पर जलजमाव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई है। वर्तमान में नगर निगम और जिला प्रशासन की टीमें गिरे हुए पेड़ों को हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।
