पश्चिम बंगाल में 15 साल के ममता बनर्जी शासन का अंत हो गया है। भाजपा विधायक दल ने सुवेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुन लिया है, जिसके बाद वे राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 9 मई को कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
पश्चिम बंगाल में भगवा उदय: सुवेंदु अधिकारी के नाम पर लगी मुहर
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत होने जा रही है। विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद, विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री के रूप में चुना गया है। कोलकाता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, सुनील बंसल और अमित मालवीय सहित भाजपा के कई राष्ट्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
पार्टी ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि सुवेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभालेंगे। इस घोषणा के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के शासन का अंत और राज्य में पहली बार भाजपा सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है।
ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होगा भव्य शपथ ग्रहण
नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार, 9 मई को सुबह 11 बजे कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा इस गौरवशाली क्षण का साक्षी बनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं उपस्थित रहेंगे। उनके साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। प्रशासन ने कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए कड़े प्रबंध किए हैं।
नई कैबिनेट में इन चेहरों को मिल सकती है जगह
सूत्रों के हवाले से खबर है कि सुवेंदु अधिकारी की नई कैबिनेट में अनुभवी और युवा चेहरों का मिश्रण देखने को मिल सकता है। मंत्रिमंडल में संभावित नामों के तौर पर दिलीप घोष, शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, निशित प्रमाणिक और जितेंद्र तिवारी की चर्चा जोरों पर है।
इसके अलावा, शरद्वत मुखर्जी, नीलाद्रि शेखर और प्रणत टुडू को भी मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मंत्रिमंडल के चयन में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है।
