वैभव सूर्यवंशी का धमाका: 36 गेंदों में शतक जड़कर बनाया इतिहास, लेकिन चूक गए विश्व रिकॉर्ड से

वैभव सूर्यवंशी का धमाका: 36 गेंदों में शतक जड़कर बनाया इतिहास, लेकिन चूक गए विश्व रिकॉर्ड से

Vaibhav Suryavanshi: 24 दिसंबर 2025 को विजय हजारे ट्रॉफी में डेब्यू करते ही वैभव सूर्यवंशी ने ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। 14 वर्षीय वैभव ने अपने पहले ही मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों में लिस्ट-A क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ दिया।

बिहार की ओर से खेलते हुए वैभव ने प्लेट ग्रुप मैच में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ रांची के JSCA ओवल ग्राउंड पर यह कारनामा किया। उन्होंने महज 36 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस मैच में वैभव बिहार टीम के उप-कप्तान भी थे। अपनी विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने 10 चौके और 8 छक्के लगाए और 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर शतक पूरा किया।

लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज

  • जेक फ्रेजर-मैकगर्क – 29 गेंद
  • एबी डिविलियर्स – 31 गेंद
  • अनमोलप्रीत सिंह – 35 गेंद
  • कोरी एंडरसन – 36 गेंद
  • वैभव सूर्यवंशी – 36 गेंद

वैभव सूर्यवंशी ने बनाया रिकॉर्ड

वनडे (लिस्ट-A) क्रिकेट के इतिहास में वैभव अब संयुक्त रूप से चौथे सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन की बराबरी की है। यह किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लिस्ट-A क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज शतक भी है।

इन दिग्गजों को छोड़ा पीछे

इस धमाकेदार पारी के साथ वैभव ने कई बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया। यूसुफ पठान, जिन्होंने 2010 में 40 गेंदों में शतक लगाया था, अब वैभव से पीछे रह गए हैं। इसके अलावा उर्विल पटेल (41 गेंद) और अभिषेक शर्मा (42 गेंद) के रिकॉर्ड को भी वैभव ने तोड़ दिया।

हालांकि, भारत के लिए लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब भी अनमोलप्रीत सिंह के नाम है, जिन्होंने पिछले साल पंजाब के लिए 35 गेंदों में शतक जड़ा था। वैभव महज एक गेंद से इस रिकॉर्ड की बराबरी करने से चूक गए।

बिहार टीम का शेड्यूल

विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बिहार की टीम ने अपना पहला मुकाबला अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेला। टीम का दूसरा मैच 26 दिसंबर को मणिपुर से होगा। इसके बाद 29 दिसंबर को मेघालय, 31 दिसंबर को नागालैंड और 3 जनवरी को मिजोरम के खिलाफ बिहार की टीम मैदान में उतरेगी।

पाकिस्तान के खिलाफ नहीं चला था बल्ला

अंडर-19 एशिया कप 2025 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन मिश्रित रहा था। यूएई के खिलाफ उन्होंने 171 रनों की शानदार पारी खेली थी, लेकिन मजबूत टीमों के खिलाफ वह प्रभाव नहीं छोड़ सके। पाकिस्तान के खिलाफ भी उनका बल्ला खामोश रहा। पूरे टूर्नामेंट में वैभव ने 5 मैचों में 52.20 की औसत से 261 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *